अपराध

पत्नी की पिटाई का विरोध करने पर बेटे ने पिता को पीट-पीटकर मार डाला, हत्या का मुकदमा दर्ज

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरदेउरा गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी के साथ मारपीट कर रहे बेटे को रोकने गए पिता की कथित तौर पर बेटे ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के छोटे बेटे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को पिपरदेउरा निवासी शेपनाथ घर पर शराब के नशे में पहुंचा और अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। शोर-शराबा सुनकर उसके पिता हरिखमन बीच-बचाव करने पहुंचे और बेटे को पत्नी की पिटाई से रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर शेपनाथ आगबबूला हो गया और पत्नी को छोड़कर पिता पर ही टूट पड़ा। उसने उन्हें सड़क पर पटक-पटक कर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल हरिखमन को परिजन तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के छोटे बेटे मनोज ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर बड़े भाई शेपनाथ पर पिता की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि पिता की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें : पकड़ी रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कटान करते एक गिरफ्तार